दीप, मशाल और गुब्बारे के संग शुरू हुआ बरेली का सबसे बड़ा एथलेटिक्स इवेंट, डीएम ने किया शुभारंभ
बरेली : यूपी के बरेली में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आज यानी बुधवार को 69वीं जनपदीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी अविनाश सिंह (डीएम) ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में दीप प्रज्वलन, मशाल जलाकर और कबूतर व गुब्बारे उड़ाकर तीन दिवसीय प्रतियोगिता (08, 09 और 10 अक्टूबर) की शुरुआत की। जिलाधिकारी ने दी प्रेरणा “अनुशासन और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा मंच है खेल”कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा “ऐसे आयोजन छात्रों की खेल प्रतिभा को निखारते हैं। इनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेल को हार-जीत की भावना से ऊपर उठकर पूरे मनोयोग से खेलना चाहिए।”उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर खिलाड़ी को खेल के ज़रिए जीवन में संघर्ष, टीमवर्क और अनुशासन की सीख मिलती है।

500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 500 से अधिक बालक एवं बालिकाओं ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और डिस्कस थ्रो जैसी कई स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाया। उद्घाटन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर प्रतिभागियों के मार्च पास की सलामी भी ली।

तीन वर्गों में प्रतियोगिता आयोजित
यह प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में हुई। इस वर्ष अंडर-14,अंडर-17 और अंडर-19 (बालक एवं बालिका) में आयोजित की जा रही है। इसके लिए बरेली जनपद को नौ जोनों में विभाजित किया गया है। हर जोन से चयनित खिलाड़ियों ने इस जनपदीय प्रतियोगिता में भाग लिया है।

खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ
उद्घाटन के दौरान सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई कि वे “69वीं जनपदीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सभी अधिकृत नियमों का पालन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतिभाग करेंगे।”

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी और शिक्षक
कार्यक्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार,गुरु गोविंद इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अरविंद्र कौर,आदेश यादव गुड्डू समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। जिलाधिकारी को जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

बरेली से मिली प्रेरणा- “जहाँ पसीना बहता है, वहीं भविष्य चमकता है”
मिशन शक्ति और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि“खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि नेतृत्व और आत्मविश्वास का सबसे मजबूत आधार है।”
बरेली की यह पहल न केवल ज़िला स्तर पर बल्कि प्रदेश में भी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
