फतेहपुर: जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पाँच लोगों को पुलिस ने सकुशल बचा लिया। यह दर्दनाक हादसा कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर बड़ौरी ओवरब्रिज के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के खुल्दाबाद सब्जी मंडी इलाके से नौ लोग एक स्कार्पियो में सवार होकर कानपुर के मोतीझील स्थित वाल्मीकि आश्रम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। शादी के बाद सभी देर रात वापस प्रयागराज लौट रहे थे। सुबह भोर पहर करीब 4 बजे उनकी गाड़ी बड़ौरी ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी स्कार्पियो का टायर अचानक फट गया।
टायर फटते ही वाहन चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और स्कार्पियो सड़क किनारे पानी से भरे गहरे खंदक में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी कुछ ही मिनटों में पानी में डूब गई। अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। जब तक स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँचे, तब तक चार लोग दम घुटने और डूबने से मौत के शिकार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही थाना हथगांव पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने बचे हुए पाँच लोगों चालक राहुल कुमार, महेश, अमित, सुमित और नीरज को समय रहते बाहर निकाल लिया। सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, हादसे में जिनकी मौत हुई है, उनके नाम हैं साहिल गुप्ता (26 वर्ष), शिवम साहू (28 वर्ष), रितेश सोनकर (28 वर्ष) और राहुल केसरवानी (25 वर्ष)। चारों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
इस हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है। गांवों में मातम छाया हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में टायर फटने से वाहन के अनियंत्रित होने की पुष्टि हुई है, हालांकि आगे की जांच की जा रही है।
फिलहाल, फतेहपुर प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि की प्रक्रिया शुरू कर दी है और सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र इलाके में स्पीड लिमिट और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
