महर्षि वाल्मीकि जयंती पर समाजवादी पार्टी ने सामाजिक न्याय और समानता का दिया संदेश
लखनऊ : यूपी की राजनीति में मंगलवार का दिन समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए राजनीतिक और सामाजिक, दोनों दृष्टियों से बेहद अहम रहा। एक ओर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला, तो दूसरी ओर पार्टी दफ्तरों में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई।

“भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल”: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि “भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। हर विभाग में भ्रष्टाचार है और जनता महंगाई -बेरोजगारी से त्रस्त है।”उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार झूठ और आंकड़ों के खेल से जनता को गुमराह कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि अस्पतालों में दवा और इलाज की भारी कमी है, किसानों को खाद और बीज नहीं मिल रहे, और जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं।“कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं। भाजपा सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है,”उन्होंने कहा “महिलाएं असुरक्षित, हर विभाग में भ्रष्टाचार” है। अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा “उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध और अपहरण के मामले देश में सबसे अधिक हैं। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और भाजपा सरकार के पास इन मुद्दों पर सिर्फ झूठे आंकड़े हैं।”
दलितों पर बढ़ा अत्याचार
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में गरीबों, दलितों और वाल्मीकि समाज पर अन्याय लगातार बढ़ा है। “पीडीए जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर गरीबों पर अत्याचार किया जा रहा है,” उन्होंने जोड़ा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता अब भाजपा की “नाकाम नीतियों” से ऊब चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा “जब समाजवादी सरकार आएगी, तभी अस्पतालों की हालत सुधरेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान मिलेगा।”
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सपा ने दिया सामाजिक न्याय का संदेश
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय (19, विक्रमादित्य मार्ग) सहित प्रदेश के सभी जिलों में आज महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। वाल्मीकि प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि और संकल्प कार्यक्रम के तहत सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद लालबाग स्थित नूरमंजिल के पास स्थापित वाल्मीकि प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। सपा सांसद आर.के. चौधरी ने भी परिवर्तन चौक स्थित वाल्मीकि प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
“भेदभाव खत्म कर सामाजिक न्याय की राह पर चलें”- अखिलेश यादव
इस अवसर पर जारी संदेश में अखिलेश यादव ने कहा “महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के अवसर पर समाज में ऊँच-नीच और भेदभाव की भावना समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। बिना सामाजिक न्याय के रामराज संभव नहीं है।”उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में वाल्मीकि समाज के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ चलाई थीं, और महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। “भाजपा सरकार में पीडीए द्वारा वाल्मीकि समाज पर अत्याचार हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी वाल्मीकि समाज को सम्मान, नौकरी और रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है,”इस अवसर पर डॉ. राजपाल कश्यप, फाखिर सिद्दीकी, जयसिंह जयंत, विजय यादव, सुधीश यादव ‘मुन्ना भैया’, डॉ. फिदा हुसैन अंसारी, अजय प्रताप बिन्नू,और सैकड़ों सपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा “महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन हमें समानता, परिश्रम और सामाजिक एकता का संदेश देता है। हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज में न्याय और भाईचारा कायम करना है।”
