बरेली: थाना मीरगंज पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक फर्जी नंबर प्लेट (UP25BP 6860), चार मोबाइल फोन व ₹530 नकद बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
घटना का पूरा मामलाः
06 अक्टूबर 2025 को थाना मीरगंज में तजतेज पुत्र रमेश ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की तहरीर दी थी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 522/2025, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकरण कर जांच शुरू की। तत्पश्चात मीरगंज पुलिस टीम ने तीव्र जांच के बाद 07 अक्टूबर 2025 को बिजली घर के पास (समय लगभग 03:25 बजे) पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने जिन पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम राजीव पुत्र सुरेशचंद्र, मोहसिन पुत्र मोहनलाल, अजय पुत्र जगदीश, अर्जुन पुत्र दयुधन — ये सभी मोहल्ला ललितपुर, थाना मीरगंज, जनपद बरेली के निवासी हैं। वहीं, पाँचवां आरोपी कार्तिक पुत्र बेवा नोमिनया झारखंड के साहबगंज जिले का रहने वाला है, जो फिलहाल सुभाषनगर, बरेली में रह रहा था। इनकी उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
बरामद सामग्री
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें (दो हीरो स्प्लेंडर और एक हीरो सीडी डीलक्स), एक फर्जी नंबर प्लेट (UP25BP 6860), चार मोबाइल फोन और ₹530 नकद बरामद किए।
पूछताछ में मिलने वाले तथ्य
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि लगभग 2-3 दिन पहले उन्होंने मीरगंज इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी और पहचान छुपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा ली थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब 20–25 दिन पहले उन्होंने रामपुर क्षेत्र (थाना रामलाक) से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी और पहचान छुपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी।
आपराधिक रिकार्ड व दर्ज मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ मीरगंज और रामपुर थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मु0अ0स0ं 522/25 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस थाना मीरगंज, मु0अ0स0ं 524/25 धारा 303(2)/317(2)/318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस थाना मीरगंज, और मु0अ0स0 449/2025 धारा 303(2) बीएनएस थाना रामलालक, जनपद रामपुर शामिल हैं।
