रायबरेली: यूपी के रायबरेली में चोर बताकर युवक हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस पार्टी लगातार योगी सरकार पर हमलावर है। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी ने संयुक्त बयान जारी कर इस घटना की कड़ी निंदा की और इसे संविधान के खिलाफ अपराध बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या समाज और मानवता पर कलंक है। उन्होंने कहा कि हाथरस, उन्नाव और अब रायबरेली जैसी घटनाएं दिखाती हैं कि देश में अल्पसंख्यकों और गरीब तबकों पर अपराधों की संख्या बढ़ रही है।
नेताओं ने कहा, “2014 के बाद से मॉब लिंचिंग, बुलडोजर अन्याय और भीड़तंत्र जैसी प्रवृत्तियां भयावह रूप ले चुकी हैं। यह हमारी सामूहिक नैतिकता और संवैधानिक मूल्यों पर गहरा प्रश्न है। डॉ. आंबेडकर और महात्मा गांधी के भारत में ऐसी घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं है।”
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि पार्टी समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करें।
इससे पहले, सांसद राहुल गांधी ने मृतक हरिओम के पिता से फोन पर बात कर ढांढस बंधाया था, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को रायबरेली जाकर पीड़ित परिवार से मिले थे और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।
