फेरीवाले बेटे की हत्या! बहन बोली- खुद को फौजी बताने वाला ले गया था भाई को
बरेली : यूपी के बरेली के बिशारगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मध्य प्रदेश के देवास जिले के 16 वर्षीय किशोर असिन राज की निर्दयतापूर्वक हत्या करने का आरोप है। आरोप है कि स्थानीय बाजार में चोरी के शक में कुछ लोगों ने पहले उसे बेरहमी से पीटा, फिर हाथ पीछे बांधकर पानी में डुबोकर मार डाला।
खाई में मिला शव, हाथ पीछे बंधे थे, सिर पर चोट के निशान
सोमवार सुबह अलीगंज-आंवला मार्ग किनारे लोहारी गांव के पास एक खाई में असिन राज का शव मिला। ग्रामीणों ने देखा तो उसके दोनों हाथ रस्सी से पीछे बंधे हुए थे और गले में दुपट्टा कसकर लिपटा हुआ था। ठोड़ी और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कौन था असिन राज?
असिन मध्य प्रदेश के जिला देवास के थाना चौबारा के गांव बीसाखेड़ी का रहने वाला था। वह अपने परिवार के साथ बरेली जंक्शन के पास झोपड़ी डालकर रहता था। जीविका के लिए वह अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ गांवों और बाजारों में माला और मूर्तियां बेचता था। रविवार को वह अलीगंज थाना क्षेत्र के गैनी साप्ताहिक बाजार में गया था, और शाम करीब चार बजे पकौड़ी खाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
बहन का आरोप- ठेकेदारों ने की पिटाई, खुद को ‘सैन्यकर्मी’ बताने वाला व्यक्ति ले गया था साथ
मृतक असिन की बहन ईनीसना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बाजार में अवैध वसूली करने वाले ठेकेदारों ने उसके भाई को पकड़ा और चोरी के आरोप में बुरी तरह पीटा। फिर वही लोग उसे अपने साथ ले गए थे। बहन का दावा है कि उनमें से एक व्यक्ति खुद को सैन्यकर्मी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। इसके बाद असिन की हत्या कर शव फेंक दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, पानी में डूबने से मौत
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने मीडिया को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार असिन राज की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि, हाथ बंधे होने और चोटों के निशान साफ संकेत देते हैं कि यह हत्या का मामला है। उन्होंने कहा “किशोर की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गैनी बाजार में विवाद की जांच की जा रही है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। बहुत जल्द खुलासा किया जाएगा।”घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और दहशत दोनों है। बाजार के कई दुकानदारों का कहना है कि कुछ लोग आए दिन उगाही के नाम पर धमकियां देते हैं और बाजारों में झगड़े करते हैं। सोशल मीडिया पर भी #JusticeForAsinRaj ट्रेंड कर रहा है।
