लखनऊ: नेपाल की राजधानी काठमांडू में खराब मौसम के कारण शनिवार को तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। ये उड़ानें मुंबई, दिल्ली और बैंकॉक से काठमांडू जा रही थीं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की अनुमति के बाद सभी विमानों को सुरक्षित रूप से लखनऊ में उतारा गया।
कैसे हुई घटनाएं क्रमवार
पहली उड़ान इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-1157, जो मुंबई से सुबह 11 बजे रवाना हुई थी, को दोपहर 2:05 बजे काठमांडू में लैंड करना था। लेकिन खराब मौसम के चलते विमान को 3:31 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।
इसके दस मिनट बाद थाई एयर एशिया की फ्लाइट FD-182, जो बैंकॉक से दोपहर 12 बजे उड़ी थी, को भी काठमांडू की जगह 3:41 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया।
करीब एक घंटे बाद, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2219, जो नई दिल्ली से दोपहर 2:30 बजे काठमांडू के लिए उड़ी थी, को भी डायवर्ट कर 4:43 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।
मौसम सुधरने पर उड़ानें फिर रवाना
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, काठमांडू में मौसम सामान्य होने के बाद सभी उड़ानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मुंबई की उड़ान शाम 7:00 बजे, दिल्ली की उड़ान शाम 6:45 बजे और बैंकॉक की उड़ान शाम 6:50 बजे लखनऊ से काठमांडू के लिए रवाना हुईं।
यात्रियों ने ली राहत की सांस
लगातार बारिश और घने बादलों के कारण काठमांडू एयरस्पेस में दृश्यता कम हो गई थी, जिसके चलते उड़ानें सुरक्षित रूप से लखनऊ डायवर्ट की गईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर भोजन और विश्राम की सुविधा दी गई, और मौसम सामान्य होने के बाद उड़ानें दोबारा संचालित की गईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सभी उड़ानें सुरक्षित रही और किसी यात्री को किसी तरह की असुविधा नहीं हुई।
