शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना कोतवाली क्षेत्र से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने अपने चार छोटे बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने एक भावुक सुसाइड वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घरेलू विवाद से था परेशान
यह दर्दनाक घटना कैराना के मोहल्ला खेलकलां की है। मृतक युवक की पहचान सलमान के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था। बताया जा रहा है कि सलमान का अपनी पत्नी खुशनुमा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। खुशनुमा का जौला निवासी प्रेमी साबिर के साथ संबंध था और वह कई बार बिना बताए घर छोड़कर चली जाती थी।
तीन दिन पहले हुए झगड़े के बाद खुशनुमा दो दिन पहले फिर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इससे मानसिक रूप से टूट चुके सलमान ने अपने चार बच्चों मेहक (12), इनायशा (8), शिफा (4), आयान (3) के साथ यमुना नदी में कूदकर जान दे दी।
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
नदी में छलांग लगाने से पहले सलमान ने एक वीडियो बनाकर अपनी बहन गुलिस्ता को भेजा, जिसमें उसने अपनी पीड़ा बयान की। कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया।
परिजनों का आरोप और पुलिस जांच
सलमान की बहन गुलिस्ता ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी खुशनुमा का प्रेम प्रसंग मुजफ्फरनगर जनपद के थाना बुढ़ाना निवासी साबिर के साथ चल रहा था, और इसी वजह से उसके भाई ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने साबिर, इंतजार, हारून, इस्तिकार, अंजुम और खुशनुमा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का बयान
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि कैराना क्षेत्र में एक पिता ने अपने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या की है। गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं और शव जल्द बरामद होने की उम्मीद है। वहीं मृतक के साले एहसान ने कहा, “मेरे जीजा सलमान पत्नी की हरकतों से परेशान थे। उन्होंने कल अपने चारों बच्चों के साथ नदी में कूदकर जान दे दी। आज गोताखोर उनके शव की तलाश कर रहे हैं।”
इलाके में मातम का माहौल
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। हर कोई एक पिता के इस कदम से दहल गया है, जिसने घरेलू विवादों से तंग आकर अपने बच्चों संग मौत को गले लगा लिया। फिलहाल पुलिस घटना की गहराई से जांच में जुटी है और नदी में पांचों की तलाश जारी है।
