बरेली : यूपी के बरेली में कानून -व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आज जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया। जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं SSP ने किला, सीबीगंज, बारादरी, कैंट, कोतवाली और प्रेमनगर समेत कई इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के समय जनजीवन पूरी तरह सामान्य मिला। शहर के बाजार, दुकानें, स्कूल और अन्य प्रतिष्ठान रोज़मर्रा की तरह खुले रहे।
व्यापारियों और आम नागरिकों से की बात

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी और SSP ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और हालात की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “हालात पूरी तरह काबू में हैं, किसी को भी डरने या भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।”जिलाधिकारी ने साफ संदेश दिया कि प्रशासन और पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है, तो वहीं, लोगों ने भी अधिकारियों की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इस तरह के कदम से जनता का भरोसा और मजबूत होता है।
