जुमे की नमाज़ के बाद सड़कों पर प्रदर्शन, सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे
बरेली : यूपी के बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के अलग-अलग इलाकों में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर और बैनर लेकर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर तोड़फोड़ की भी बात सामने आ रही है। जिसके चलते पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। बताया जाता है कि शहर के श्यामगंज इलाके में सबसे ज्यादा तनाव देखने को मिला। जब पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, तो लोगों की एसपी क्राइम से नोकझोंक हो गई। भीड़ जुलूस की शक्ल में आगे बढ़ती रही और लगातार नारेबाजी करती रही। स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते पुलिस ने श्यामगंज की दुकानें बंद करा दी। नौमहला मस्जिद और बिहारीपुर करोलान मस्जिद के बाहर भी सैकड़ों लोग जुट गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौलाना तौकीर रजा हाउस अरेस्ट
इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खां के एलान के बाद से शहर में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। मौलाना ने ‘आई लव मोहम्मद’ मामले में डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने की घोषणा की थी और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की थी।
शहर में फ्लैग मार्च
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। श्यामगंज मंडी वाले रोड पर बैरिकेडिंग की गई और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। आसपास के सैलानी इलाके को भी बंद करा दिया गया। दोपहर होते-होते लोग घरों से निकलने लगे और जुमे की नमाज़ के बाद जुलूस के रूप में सड़कों पर आए। प्रशासन ने स्थिति पर काबू पाने के लिए हर संभव कदम उठाया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मौलाना तौकीर रज़ा को भी सुरक्षा के मद्देनज़र नजरबंद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है।
शांति की अपील
बरेली में फिलहाल माहौल तनावपूर्ण है, और प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। मगर, “The Justice HINDI” शहर के लोगों से अमन (शांति) की अपील करता है। लोग अपने घरों में रहे, और अफवाहों पर ध्यान न दें। शहर के हर व्यक्ति को अमन का पैगाम देने की बात कही है।
