लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में तेजी से सक्रिय हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) इस बार पूरी रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है, न केवल संगठन को मजबूत किया जा रहा है, बल्कि बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने की कवायद भी तेज हो गई है। सिद्धार्थनगर से पूर्व अपना दल एस एवं भाजपा विधायक चौधरी अमर सिंह को सपा में शामिल कराया गया। इसके साथ ही अन्य नेताओं ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थामा। कार्यक्रम में नेताओं ने आरोप लगाया कि यूपी में पुलिस किडनैपिंग कर रही है, और विभिन्न जिलों में व्यापारियों व किसानों के साथ धोखाधड़ी हो रही है।
‘मेंहदी में तलवार’ पुस्तक का विमोचन

गुरुवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और लाल जी वर्मा ने शामिल नेताओं का स्वागत किया और उन्हें पार्टी की विचारधारा से परिचित कराया। इस दौरान ‘मेंहदी में तलवार’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
अखिलेश यादव का बड़ा संदेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, मजदूरों, नौजवानों और पिछड़ों की सच्ची आवाज उठाती रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने जनता की ज़िंदगी को मुश्किल बना दिया है।।अखिलेश यादव ने आगे कहा-“ऐसे समय में जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी ही इसका विकल्प है।”कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने भी कहा कि उन्होंने जनता की समस्याओं और जमीनी मुद्दों को ध्यान में रखते हुए सपा की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली। उनका मानना है कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का भविष्य सुरक्षित है और विकास की नई राह मिलेगी।
इन नेताओं ने थामा सपा का दामन

अपना दल (एस) के पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह और सुधीर चौहान अपने समर्थकों के साथ शामिल। बीएसपी के 2022 के विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने वाले विद्यासागर और बसपा के कॉर्डिनेटर लाल जी ने भी पार्टी जॉइन की। सूत्रों के अनुसार, सपा आने वाले महीनों में जनसभाएं, सम्मेलन और कार्यकर्ता बैठकें आयोजित करेगी। खासकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
किसानों के साथ धोखा

नोएडा में तमाम देशों के लोग कारोबार कर रहे हैं, लेकिन अगर किसानों के साथ धोखा होता है तो यह विकास का रास्ता नहीं हो सकता। भविष्य में किसानों की मांगों को पूरा करने के लिए समाजवादी पार्टी साथ है।
कारोबार सकंट में, मदद करे सरकार

उन्होंने कहा अमेरिका ने अभी अभी टैरिफ लगाया है, सरकार को जो कारोबार का नुकसान हो रहा उनकी मदद करनी चाहिए। वाराणसी में एनटीपीसी के प्लांट की वजह से बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है, इसका जवाब सरकार के पास नहीं है। सरकार काम के बजाय गंजिंग कर रही है। जिन्होंने जीएसटी लगाकर जनता से पैसा लिया, वही जनता को धोखा दे रहे हैं। एयरपोर्ट पर 2 माह में 44 करोड़ का गांजा पकड़ा गया है,यह चिंतनीय है। डॉ लोहिया और नेताजी ने दाम बांधो नीति पर चर्चा की थी। 2027 में सपा सरकार बनने पर इसे लागू करेंगे और चीजें सस्ती होंगी। जाति हमारा पहला इमोशनल कनेक्ट है। बाबा साहब ने जो आरक्षण संविधान में दिया, वो जाति के हिसाब से है। भाजपा PDA और बहुजन समाज की एकता से घबराई हुई है।
सुधीर चौहान का संदेश
सुधीर चौहान ने कहा कि देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी समाजवादी पार्टी में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसानों की जमीन अधिग्रहण और युवाओं की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने आगे कहा:
“पहले हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर समाज को बांटा जाता था, अब जातियों और महापुरुषों के नाम पर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है।”
