बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक अनोखी पहल शुरू की है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत अब महिला बीट पुलिस गांव-गांव जाकर चौपाल में महिलाओं और बेटियों से सीधा संवाद कर रही है। इस दौरान पुलिस न केवल उनकी समस्याएं सुन रही है, बल्कि मौके पर ही समाधान भी करवा रही है। इस पहल से अब महिलाओं को बार-बार थाने या पुलिस चौकी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर हर थाने की महिला बीट पुलिस अपनी-अपनी जिम्मेदारी संभाल रही है।
गांव की गलियों से लेकर चौपाल तक
महिला पुलिस इस मुहिम से गांव की गलियों से लेकर चौपाल तक महिलाओं के बीच भरोसा जगा रही है। महिला पुलिसकर्मियों ने चौपाल में महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा और आत्मरक्षा के तरीके बताए। उन्होंने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वीमेन पावर लाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन आदि की जानकारी दी।
सुरक्षा के साथ योजनाओं के प्रति किया जागरूक
महिला पुलिस ने सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, सामूहिक विवाह योजना, मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन आदि के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति का मकसद सिर्फ अपराध रोकना ही नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। यह पहल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सुरक्षा का माहौल बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रही है।
