लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर की तबीयत रविवार देर रात अचानक बिगड़ गई। उन्हें डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की देखरेख में लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया।
माइनर स्ट्रोक की पुष्टि
मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन और कई मेडिकल जांचें कीं। जिसमें माइनर स्ट्रोक की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे निगरानी में हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे अस्पताल
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेदांता अस्पताल पहुंचे और ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी ली और मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बेटे ने दी सेहत की जानकारी
ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर ने सोशल मीडिया पर पिता की तबीयत को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार अब स्थिति पहले से बेहतर है और लगातार सुधार हो रहा है।
कार्यकर्ताओं में चिंता, अस्पताल के बाहर जुटे समर्थक
राजभर समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अस्पताल के बाहर पहुंचकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
