लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान की रिहाई पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज़म ख़ान की जेल से रिहाई न सिर्फ उनके परिवार के लिए बल्कि उन सभी लोगों के लिए राहत और खुशी की बात है जो ‘इंसाफ़’ और ‘न्याय’ में भरोसा रखते हैं। अखिलेश यादव ने अदालत का आभार जताते हुए कहा- “न्याय में विश्वास को बनाए रखने के लिए अदालत का दिल से शुक्रिया। आज फ़र्ज़ी मुकदमे करने वालों को सबक मिल गया है कि हर झूठ की एक मियाद होती है और हर साज़िश की भी।” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सामाजिक सौहार्द और एकता के प्रतीक होते हैं, भाजपा को वे कभी अच्छे नहीं लगते।
पिछड़ों और उपेक्षित वर्ग की करेंगे मदद
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि आज़म ख़ान आगे भी हर उपेक्षित, पीड़ित, दुखी और अपमानित के साथ खड़े होकर, भाजपा और उनके सहयोगियों द्वारा जनता पर किए जा रहे दमन के खिलाफ आवाज़ उठाएँगे। उन्होंने कहा कि आज़म ख़ान हमेशा की तरह समाजवादी मूल्यों, सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के संघर्ष की राह पर चलते रहेंगे। अखिलेश यादव ने अपने बयान का समापन नारे “इंसाफ़ ज़िंदाबाद!” से किया।
