धार्मिक भावनाएं आहत करने पर जताया गुस्सा, जांच में जुटी पुलिस
बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का गंभीर मामला सामने आया है। सुर्खा चौधरी तालाब निवासी सलीम रजा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे रिहान घोसी की इंस्टाग्राम आईडी पर आरोपी ने इस्लाम धर्म के पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट भेजी। इस पोस्ट से मुस्लिम समाज की आस्था को गहरी ठेस पहुंची। पीड़ित का आरोप है कि 21 सितंबर को आरोपी ने फोन पर गालियां भी दीं, और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानबूझकर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश
पीड़िता सलीम रजा का कहना है कि आरोपी की हरकतें जानबूझकर शहर का माहौल खराब करने और समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश हैं। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मामले पर प्रेमनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने बताया आरोपी नाबालिक
इंस्पेक्टर ने “The Justice HINDI” को बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला आरोपी नाबालिक है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और मामले की जांच जारी है। लोगों को समझाकर शांत कर दिया है। इलाके में शांति है।
