लखनऊ: राजधानी के कैंट इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार थार जीप ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार थार बनी मौत का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थार जीप पहले सामान्य रफ्तार से चल रही थी, लेकिन अचानक स्पीड बढ़ाकर ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल सड़क पर तड़पते रहे और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागे। वहीं, थार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि इलाज के दौरान दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस का बयान
पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि घटना में घायलों को कैंट पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर डॉक्टरों ने 02 व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया है। अन्य घायल व्यक्तियों का इलाज चल रहा है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
