जनता को मिले गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, BDA के विकास कार्य अब होंगे समयबद्ध और पारदर्शी
बरेली: नए कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) के अधिकारियों के साथ शनिवार को अपनी पहली अहम बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्राधिकरण के चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना, भविष्य की योजनाओं की जानकारी लेना और अधिकारियों को दिशा-निर्देश देना था। बैठक में बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ए. ने प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों के माध्यम से बीडीए के चल रहे कामों की स्थिति और नए प्रोजेक्ट्स की रूपरेखा कमिश्नर के समक्ष रखी।
लैंड बैंक बढ़ाकर शहर के विकास के निर्देश

भूपेंद्र एस. चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो। काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। जनता की सुविधाओं को सर्वोपरि रखा जाए। लैंड बैंक बढ़ाकर शहर के विकास के लिए आवश्यक भूमि का उचित उपयोग किया जाए। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि अब प्रत्येक परियोजना की निगरानी और समय-सीमा के भीतर पूरा होना प्राथमिकता होगी। जिससे आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके। बैठक में बीडीए के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। भूपेंद्र एस. चौधरी ने यह भी कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल और जनता के अनुकूल बनाया जाए, ताकि शहर के विकास कार्यों में तेजी आए और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलें।
