लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा में सेंध लगाने वाले अपराधियों को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा में बाधक बनने वाले हर अपराधी का वही अंजाम होगा, जो दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों को भुगतना पड़ा। यह बयान उन्होंने लखनऊ में मिशन शक्ति के पांचवें चरण के शुभारंभ के दौरान दिया।
फायरिंग की घटना का विवरण
12 सितंबर की सुबह बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग हुई थी। बाइक से आए दो बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। फायरिंग के वक्त घर में दिशा की बहन खुशबू पाटनी, पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी, और मां पद्मा पाटनी मौजूद थीं। घटना के तुरंत बाद जगदीश पाटनी ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर
फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली थी। यूपी पुलिस और एसटीएफ ने 17 सितंबर को गाजियाबाद में दोनों बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया। यह बदमाश रोहतक के रविंद्र और सोनीपत के अरुण थे। इन दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था।
CM योगी ने बताए महिला सुरक्षा के आंकड़े
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जनवरी 2024 से अब तक 12,271 अपराधियों को सजा दिलाई गई है। इसमें 987 को उम्रकैद और 7,817 को 10 साल तक की सजा दी गई है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के तहत हर थाने में महिला अपराधों के लिए अलग डेस्क, SOP और महिला हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है।
