अगर एनकाउंटर से कानून-व्यवस्था ठीक होती तो अपराधी बरेली कैसे पहुंचे? अखिलेश बोले -गोरखपुर में तस्करी-अपहरण बढ़े, एनकाउंटर भी स्क्रिप्टेड
लखनऊ/बरेली/गोरखपुर : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म को लेकर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने तंज कसा “फिल्म तो फ्लॉप होने से पहले ही फ्लॉप हो गई है। आप ये बताइए कि उस मूवी में मुकदमा पलटने वाला सीक्वेंस है कि नहीं, कार पलटने वाला सीन है या नहीं, बुलडोजर स्टंट है कि नहीं, आपस की लड़ाई का क्लाइमेक्स है या नहीं। डिप्टी सीएम के पर्दे के पीछे वाले डायलॉग हैं या नहीं?”
20 हज़ार एनकाउंटर का दावा झूठा!- बरेली फायरिंग केस पर अखिलेश ने घेरा योगी
बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मामले पर अखिलेश यादव ने कहा “भले ही सरकार 20 हजार एनकाउंटर का दावा करती हो, लेकिन अगर एनकाउंटर से कानून-व्यवस्था ठीक होती, तो अपराधी बरेली जैसे शहर में कैसे घुस जाते?”
गोरखपुर में तस्करी-अपहरण बढ़े, एनकाउंटर भी स्क्रिप्टेड – अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर मामले पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह नगर में तस्करी और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। “गोरखपुर में यह पहली घटना नहीं है। तस्करी और अपराध पहले भी होते रहे हैं। यह एनकाउंटर भी स्क्रिप्टेड है, जैसे दे दिया गया हो कि गलती से यूपी में आ गए।”
पूर्व सीएम बोले – पशुओं से किसान तबाह, चारा घोटाले में नेता शामिल
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से खुद यूपी की जनता को छुट्टा पशुओं की समस्या से राहत दिलाने का वादा किया था। लेकिन आज भी किसान अन्ना पशुओं से परेशान हैं। गौशालाओं की दुर्दशा है, चारा घोटाले में नेता शामिल हैं। दूध और गोबर तक बेचा जा रहा है। गायें मरने पर गड्ढा खोदकर दफना दी जाती हैं।”
भाजपा की विदेश नीति फेल, H1B वीज़ा नहीं मिल रहा – अखिलेश का हमला
अमेरिकी वीज़ा नीति पर भी अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को घेरा। “भाजपा की विदेश नीति पूरी तरह फेल है। H1B वीजा नहीं मिल रहा, जबकि यह भारतीय छात्रों और नौकरीपेशा युवाओं के लिए बेहद ज़रूरी है। ये लोग चाहते हैं कि भारतीय न पढ़ाई करने बाहर जाएं, न नौकरी। केवल बंदूक उठाकर रूस की आर्मी में शामिल हो जाएं। जब भाजपा जाएगी तभी युवाओं को राहत मिलेगी।”
UP में जंगली जानवरों के हमलों से 60 मौतें, नदियों का बजट साफ
अखिलेश यादव ने वन विभाग के आंकड़े दिखाते हुए कहा “सिर्फ 2024-25 में जंगली जानवरों के हमलों में 60 लोगों की जान गई है। बिजनौर में गुलदार ने 14 दिन में तीन बच्चों समेत चार लोगों को मारा है। नदियों के लिए बजट साफ हो गया, लेकिन नदियां साफ नहीं हुईं। गौशालाओं से लेकर नदियों तक हर जगह लूट और लापरवाही है।”
नियुक्तियों में घोटाला, कस्टोडियल डेथ और बेटियां असुरक्षित
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि “9 साल में नियुक्तियों में घोटाले हुए हैं, सरकार खुद शामिल है।” “PDA परिवार के साथ भेदभाव हो रहा है।”“सबसे ज़्यादा बेटियां असुरक्षित यूपी में हैं।”“सबसे ज़्यादा कस्टोडियल डेथ यहीं होती है।” “हिमालय बचाने की बात समाजवादियों ने की थी, पर भाजपा डायनामाइट से सड़कें बना रही है।” “लखनऊ के तालाबों पर बिल्डिंग खड़ी कर दी गई है।”
