रातभर लौटने का इंतज़ार, सुबह मिली मौत की खबर, दो सराफा कारोबारियों की एक्सप्रेसवे पर मौत
बरेली/बदायूं : यूपी के बदायूं जिले में शुक्रवार रात निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार पलटने से बिसौली कस्बा के दो सराफा कारोबारियों की मौके पर ही मौत हो गई। सराफा कारोबारी सनी अग्रवाल (28 वर्ष) पुत्र आलोक अग्रवाल और अंशुल वार्ष्णेय (30 वर्ष) पुत्र केशव वार्ष्णेय शुक्रवार को किसी काम से बरेली गए थे। देर रात दोनों कार से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी कार गंगा एक्सप्रेसवे के वजीरगंज क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके चलते यह हादसा हो गया।
रातभर लौटने का इंतजार, सुबह आई दर्दनाक खबर
परिजनों ने पूरी रात दोनों का इंतजार किया, लेकिन जब शनिवार सुबह ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त कार देखी, तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कार से दोनों के शव बाहर निकाले। इसके बाद कपड़ों में मिले दस्तावेजों से उनकी पहचान हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर क्यों पहुंचे, रहस्य बरकरार
गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेसवे का काम अभी पूरा नहीं हुआ है,और यातायात भी शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि दोनों कारोबारी वहां से होकर क्यों लौट रहे थे। पुलिस ने हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया है। दोनों की मौत से बिसौली कस्बे में मातम छा गया। सराफा कारोबारियों और स्थानीय लोगों ने दुख जताते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
