बरेली। जनपद को मंगलवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। आईएएस अधिकारी अविनाश सिंह ने शाम करीब 4 बजे कोषागार कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने अपने तेवर साफ कर दिए और कहा कि उनकी प्राथमिकता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप काम करना होगा। इसमें सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण मुख्य बिंदु रहेंगे।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि प्रशासन आमजन के लिए है और उनकी समस्याओं को सुनना तथा समाधान करना ही प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कोई फरियादी सुबह 10 बजे से कभी भी जिलाधिकारी कार्यालय आ सकता है, किसी विशेष अनुमति की जरूरत नहीं होगी। इस व्यवस्था से आम जनता को राहत मिलेगी।
आईजीआरएस और सीएम डैशबोर्ड को बेहतर करना प्राथमिकता में:
अविनाश सिंह ने बताया कि आईजीआरएस (जन शिकायत निवारण प्रणाली) और सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग को बेहतर करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। इससे शासन स्तर पर जिले की छवि मजबूत होगी और योजनाओं का लाभ समय से जनता तक पहुंचेगा
