बरेली/गाजियाबाद/लखनऊ : यूपी के बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर 12 सितंबर की तड़के हुई फायरिंग के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने गाजियाबाद में दो मुख्य आरोपियों को पकड़ने के लिए संयुक्त कार्रवाई की। इसमें दोनों बदमाशों के एनकाउंटर में मारने की बात सामने आई है। हालांकि, अभी पुलिस की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य थे।
जानें पूरी घटना
12 सितंबर की सुबह लगभग 3:45 बजे बरेली के दिशा पाटनी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। इस घटना के तुरंत बाद थाना कोतवाली बरेली में केस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और आस-पास के प्रदेशों के क्राइम रिकॉर्ड्स के मिलान से आरोपियों की पहचान की। दोनों आरोपी निम्नलिखित हैं:
हरियाणा के सोनीपत और रोहतक के बदमाश
आरोपी रविन्द्र पुत्र कल्लू, निवासी कहनी, रोहतक और अरुण पुत्र राजेंद्र, निवासी इंडियन कॉलोनी, गोहना रोड, सोनीपत के रूप में आरोपियों की पहचान हुई है। 17 सितंबर को यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट और सीआई यूनिट दिल्ली की संयुक्त टीम ने थाना ट्रॉनिका सिटी, गाजियाबाद में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई।
यह सामग्री बरामद
मौके से पुलिस ने ग्लॉक और जिगाना पिस्टल के साथ भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। जांच से पता चला है कि आरोपी कई घटनाओं में शामिल रहे थे और यह गैंग विभिन्न अपराधों में सक्रिय था।
पुलिस की प्रतिक्रिया आई सामने
एसटीएफ और सीआई यूनिट ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से दिशा पाटनी की सुरक्षा और अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि इस तरह की अपराधी गतिविधियों को रोकने के लिए सहयोग जारी रखें।
