नई दिल्ली / बिहार/लखनऊ: चुनाव आयोग ने ईवीएम मतपत्र को और अधिक पठनीय और स्पष्ट बनाने के लिए नई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव संचालन नियम, 1961 के नियम 49बी में संशोधन के तहत अब ईवीएम में उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें भी प्रदर्शित होंगी। यह पहल बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से लागू होगी।
उम्मीदवार की रंगीन फोटो
नई व्यवस्था के तहत उम्मीदवार का चेहरा मतपत्र के तीन-चौथाई हिस्से में साफ दिखाई देगा, जिससे मतदाता आसानी से उम्मीदवार की पहचान कर सकेंगे। इससे विशेषकर ग्रामीण और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मतदान प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी।
फॉन्ट और कागज की गुणवत्ता में सुधार
उम्मीदवार और नोटा के क्रमांक भारतीय अंकों के अंतरराष्ट्रीय रूप में मुद्रित होंगे। फॉन्ट साइज 30 पॉइंट और बोल्ड में होगा। सभी उम्मीदवारों और नोटा के नाम समान फॉन्ट और साइज में होंगे। मतपत्र अब 70 जीएसएम उच्च गुणवत्ता वाले गुलाबी रंग के कागज पर मुद्रित होंगे।चुनाव आयोग का कहना है कि यह कदम मतदाता की सुविधा, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। पहले काले-सफेद फोटो और छोटे अक्षरों के कारण मतदाता अक्सर भ्रमित होते थे, लेकिन अब नई व्यवस्था से सही उम्मीदवार का चुनाव आसानी से किया जा सकेगा।
जानें विशेषज्ञों की राय
विशेषज्ञों के अनुसार यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा। रंगीन तस्वीरें, बड़े फॉन्ट और बेहतर कागज मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाएंगे और चुनाव में भरोसा बढ़ाएंगे।
चुनाव आयोग की लगातार नई पहल
पिछले छह महीनों में चुनाव आयोग ने 28 नई पहलें की हैं, जिसमें मतदाता सूची सुधार (SIR) और मतदान प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के कदम शामिल हैं। अब EVM मतपत्र पर रंगीन तस्वीरें और फॉन्ट सुधार इन्हीं पहलों का हिस्सा हैं।
