फर्रुखाबाद/ लखनऊ: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत की बहन रीना राजपूत की पिटाई का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। जिस घटना में रीना ने अपने ससुर और देवर पर गंभीर आरोप लगाकर तहरीर दी थी और दोनों की गिरफ्तारी हुई थी, अब उसी मामले में उनके पति रविंद्र कुमार ने अपनी पत्नी पर ही कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पत्नी पर प्रताड़ना और अवैध संबंधों के आरोप
कासगंज निवासी रविंद्र कुमार ने सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी डीजीपी को पत्र लिखकर शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से रीना राजपूत लगातार उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित कर रही है। रविंद्र का कहना है कि उनकी पत्नी ज्यादातर मायके में रहती है और अपने बड़े भाई के ड्राइवर से घनिष्ठ संबंध बनाए हुए है। इसी वजह से वह घरेलू जीवन से बचने के बहाने बनाती रहती है और खर्च की लगातार मांग करती है।
संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप
रविंद्र कुमार ने पिटाई की घटना को साजिश करार दिया। उनका कहना है कि पत्नी ने पहले जानबूझकर नहाते समय वीडियो बनवाया और विरोध करने पर डंडे से मारपीट का झूठा वीडियो वायरल कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब उनकी संपत्ति हड़पने की योजना का हिस्सा है।
घर में लूटपाट और मारपीट का आरोप
रविंद्र का कहना है कि जब यह मामला सांसद तक पहुंचा तो उन्होंने अपने लोगों को 10 गाड़ियों में भेजा। उन लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं को पीटा और लूटपाट करने की कोशिश की। इस घटना में उनके परिवार को गंभीर चोटें आईं, लेकिन उनकी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। उल्टा, उन्हें घर से बेघर कर दिया गया।
कैंसर पीड़ित बहन को दवाई भी नहीं लेने दी
रविंद्र ने कहा कि अब उन्हें घर में घुसने नहीं दिया जा रहा। उनकी बहन कैंसर से पीड़ित है और उसे दवा तक नहीं लेने दी जा रही। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी से न्याय की गुहार लगाई है।
