बरेली: यूपी के बरेली जिले से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। जूनहाई बिजलीघर पर तैनात बिजली विभाग के कर्मचारी हिमांशु मिश्रा का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव राधा कृष्ण मंदिर से साइट रोड स्थित झाड़ियों में पड़ा मिला, जबकि उनकी बाइक करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली।
राहगीरों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
स्थानीय लोगों ने जब सड़क पर बिना मालिक के खड़ी बाइक देखी तो शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में लेकर थाने ले आई। इसके बाद तलाश में जुटी टीम ने दोपहर करीब तीन बजे झाड़ियों में हिमांशु का शव बरामद किया। मृतक के सिर और शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए, जिससे घटना को संदिग्ध माना जा रहा है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की गहन जांच की। झाड़ियों और आसपास से साक्ष्य एकत्र किए गए। हालांकि, फिलहाल हत्या या हादसे की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले को हर पहलू से जांच रही है।
पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
हिमांशु मिश्रा तीन भाई-बहनों में इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे यूवती (5 वर्ष), कुश (4 वर्ष) और लव (3 वर्ष) – शामिल हैं। पिता की मौत की खबर सुनकर तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, उनकी मां रामवती और बहन सुधा का भी रोते-रोते बुरा हाल है। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सही जानकारी सामने आ पाएगी।
