जौनपुर/लखनऊ : यूपी के जौनपुर में शनिवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो सगे भाइयों की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। शाहजहां (70 वर्ष) और उनके छोटे भाई जहांगीर (65 वर्ष) बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों मुम्बई में व्यापार करते थे और इन दिनों शादी के मौके पर घर आए हुए थे। परिवार में शादी का कार्ड बांटकर रात करीब 10 बजे लौटते समय रामनगर के पास घात लगाकर बैठे हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाकर दोनों को मार गिराया।
घात लगाकर बैठे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने पहले से रास्ते में घात लगाई हुई थी। जैसे ही दोनों भाई बाइक से निकले, बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। मौके पर ही शाहजहां की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जहांगीर को प्रयागराज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
आपसी रंजिश की आशंका
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में माना कि यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम हो सकती है। परिवार और स्थानीय लोगों से बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कई थानों की फोर्स घटनास्थल पर पहुंची और एएसपी ग्रामीण ने मौके का निरीक्षण कर कई टीमों का गठन किया।
परिवार में शोक और डर
यह घटना शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। परिवार में शोक का माहौल है। शादी का कार्ड बांटकर लौटते वक्त इस तरह की घटना ने आमजन में दहशत फैला दी है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई है और मामले की तहकीकात तेज कर दी गई है।
जानें पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें काम कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
