धर्म की रक्षा के नाम पर गैंग का डरावना संदेश, पुलिस ने शुरू की जांच
बरेली : फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिविल लाइंस में उनके घर के बाहर गोलियां चलाईं, और मौके से फरार हो गए। घटना के समय दिशा पाटनी घर पर मौजूद नहीं थीं, वह मुंबई में थीं। उनके रिटायर्ड डीएसपी पिता जगदीश पाटनी, मां और बहन सेना की पूर्व मेजर खुशबू पाटनी घर पर मौजूद थीं। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन दहशत में आ गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दो कारतूस बरामद किए और जांच शुरू की।
रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग का नाम आया सामने
पुलिस जांच के दौरान रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग का नाम सामने आया। गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फायरिंग की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया है कि संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गैंग ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में धर्म विरोधी गतिविधियां दोहराई गईं, तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। पोस्ट में फिल्म इंडस्ट्री को भी चेतावनी दी गई है कि धर्म का अपमान सहन नहीं किया जाएगा।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे वीडियो
सेना की पूर्व मेजर एवं एक्टर दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने पिछले दोनों ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किए थे। इसके साथ ही धर्मगुरुओं को लेकर भी कुछ वीडियो सामने आए थे। इस घटना को उन्हीं वीडियो से जोड़कर देखा जा रहा है। मगर, पुलिस पूरे मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।
जानें क्या बोले एसएसपी?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि मामले की जांच एसओजी और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। परिजनों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
