सपा प्रमुख बोले – कुंदरकी से अयोध्या तक चुनावी गड़बड़ी का हवाला,रिवाल्वर लगाकर जीते हैं बीजेपी वाले
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेपाल में हो रही हिंसा और भारत की चुनावी प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया है। लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यदि भारत में भी वोट डकैती जारी रही, तो जनता सड़कों पर उतरेगी और नेपाल जैसे हालात यहाँ भी पैदा हो सकते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि “यह इलेक्शन कमीशन की जिम्मेदारी है कि वोट चोरी और डकैती कहीं पर न हो। चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी का जुगाड़ आयोग नहीं बने।
कुंदरकी से लेकर अयोध्या चुनाव का दिया उदाहरण

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कुंदरकी, मीरापुर, रामपुर और अयोध्या चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि कई जगह प्रशासन को निर्देशित कर चुनाव प्रभावित किए गए। उन्होंने कहा, “अगर ये वोट चोरी से नहीं जीते, तो रिवाल्वर लगाकर जीते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा तभी होगी जब चुनाव निष्पक्ष हों।
डिप्टी सीएम पर तंज

स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “केवल स्वास्थ्य विभाग नहीं, अन्य विभाग भी पूरी तरह से चौपट हो गए हैं। लूट मची हुई है।” उन्होंने डिप्टी सीएम पर भी कटाक्ष किया कि “जो डपट खा कर काम करता हो, जिसकी खुद गाड़ी छिन गई हो, उससे क्या उम्मीद करोगे आप।”
भाजपाई ऊपर से चमकते हैं, लेकिन अंदर से खोखले

पूर्व सीएम ने भाजपा पर राजनीतिक और सामाजिक रूप से हमला बोलते हुए कहा, “बीजेपी के लोग ऊपर से चमकते हुए दिखाई देते हैं, अंदर से खोखले हैं।” इसके साथ ही उन्होंने कस्टोडियल डेथ को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि “गुजरात के बाद सबसे ज्यादा कस्टोडियल डेथ यूपी में हो रही है।”विदेश नीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार कई बार असफल रही है, और कहा कि पड़ोसी देशों की शांति हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। नेपाल में करप्ट सरकार और सोशल मीडिया पर रोक को लेकर उठे आंदोलन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत को अपनी राजनीति और सीमाओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
पंजाब में किसानों का बड़ा नुकसान

अंत में उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में बड़े पैमाने पर लोगों की जान गई। किसानों का नुकसान हुआ है। हमारी अपील है कि फसल की भरपाई हो, घर मकान की मदद हो।
