सेटेलाइट बस अड्डे पर कहासुनी ने लिया खतरनाक रूप, एक आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब ऑटो चालक से विवाद के बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के ईसाइयों की पुलिया के पास हुई। आरोपी फायरिंग करने के बाद फरार हो गए, जबकि पुलिस ने ऑटो बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
सेटेलाइट बस अड्डे पर कहासुनी बनी हत्या की वजह
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/VSpkKunkW4E?si=O3ZtSudIxXkTpy5z
बिशारतगंज निवासी गौरव गोस्वामी अपने चचेरे भाई आकाश गोस्वामी और तहेरे भाई मनोज गोस्वामी के साथ शाही क्षेत्र में मिलने गया था। वहां से लौटते समय रात में साई किशोर होटल पर खाना खाकर बाइक से सेटेलाइट स्टैंड पहुँचे। वहां एक ऑटो चालक से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद ऑटो चालक अपने साथियों के साथ ईसाइयों की पुलिया पर पहुंचा। दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई।
फायरिंग में युवक की मौत
आरोप है कि ऑटो चालक के साथियों ने अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली गौरव गोस्वामी को लगी। उसको घायल अवस्था में निजी अस्पताल गंगा चरण अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी।
जानें क्या बोले एसपी सिटी मानुष पारीक
एसपी सिटी ने वीडियो जारी कर बताया कि रात 12:30 बजे गौरव गोस्वामी निवासी विशारतगंज अपने दो भाई और दोस्तों के साथ खाना खाकर सैटेलाइट से लौट रहा था। इसी दौरान शहर के बारादरी थाना क्षेत्र की ईसाइयों की पुलिया के पास एक ऑटो में बैठे कुछ लड़कों से कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान बिहारी सोनकर ने अवैध तमंचे से गौरव गोस्वामी को गोली मार दी। जिसको तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मगर, गौरव गोस्वामी की मृत्यु हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता छोटेलाल की तरफ से बारादरी कोतवाली में अपराध संख्या 1067/25 में बीएनएस की धारा 190, 191(2), 115/(2), 351/(2),352, 353, 109, और 103 (1) के तहत बिहारी सोनकर, टेंपो चालक अनस, राजा, अभय, समीर, चंदन नैतिक सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें से एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। इससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई हैं, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
परिजनों में शोक और आक्रोश
गौरव की मौत से परिजनों में गहरा शोक है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों में भी भय और आक्रोश का माहौल है।
