बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के खलीलपुर रोड पर मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां जूते बदलने गए होमगार्ड नरेश पाल सिंह पर हिस्ट्रीशीटर रवि गुप्ता ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से होमगार्ड लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।घायल होमगार्ड नरेश पाल सिंह ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सोमवार को रवि गुप्ता की दुकान से चप्पल खरीदी थी। अगले दिन मंगलवार को चप्पल बदलने के लिए दुकान पर गए, तो रवि गुप्ता ने बिना किसी बातचीत के गाली-गलौज शुरू कर दी, और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बताया गया कि रवि गुप्ता के साथ दो अन्य लोग भी थे, जिन्होंने मिलकर होमगार्ड को बुरी तरह पीटा।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
स्थानीय लोगों का कहना है कि रवि गुप्ता थाना सीबीगंज का हिस्ट्रीशीटर है और उसके आतंक से क्षेत्रवासी डरते हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही थाना सीबीगंज के इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद घायल होमगार्ड को अस्पताल भेजा गया है। आरोपी रवि गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
