बरेली : रामस्वरूप विश्वविद्यालय में विधि विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं ने बरेली में जोरदार प्रदर्शन किया। एबीवीपी ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और सरकार की नीतियों को दमनकारी बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ भी नारे लगाए और कहा कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती,तब तक आंदोलन जारी रहेगा। एबीवीपी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
छात्रों ने यह लगाए आरोप
छात्रों ने कहा कि रामस्वरूप विश्वविद्यालय में बिना मानक और नवीनीकरण के विधि पाठ्यक्रम चलाकर उनके भविष्य से खिलवाड़ किया गया। बुधवार को ही बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने इसे प्रोविजनल अनुमति दी है। जिससे यह साबित होता है कि अब तक यह कोर्स अवैध रूप से संचालित हो रहा था।
एबीवीपी की यह थी प्रमुख मांग
लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों और बाहरी तत्वों पर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पूछा कि किस के आदेश पर लाठीचार्ज हुआ। इसे स्पष्ट कर सार्वजनिक किया जाए। विधि पाठ्यक्रम की अवैध मान्यता की जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। अवैध फीस वसूली की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। आंदोलन में शामिल दो छात्रों का निष्कासन अवैध है। इसकी जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा की गई अवैध कब्जेदारी और निर्माण पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही एबीवीपी ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
यह थे प्रदर्शन में मौजूद
विभाग संगठन मंत्री अवनी यादव, विभाग सह संयोजक श्रेयांश बाजपेई, महानगर मंत्री आनंद कठेरिया, निखिल चौधरी, हर्षित चौधरी, दीपांशु चौधरी, माधव माहेश्वरी, विपिन शर्मा, रितेश, लकी शर्मा, नितिन चौधरी, कुणाल मिश्रा, वंश सक्सेना, प्रिंस शुक्ला, आर्यन पंडित, खुशी सिंह, दीपिका सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
