एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान
बरेली : यूपी के बरेली में 1 सितम्बर से ट्रैफिक नियमों को लेकर बड़ी सख्ती शुरू हो रही है। यहां “नो हेलमेट-नो फ्यूल”अभियान के तहत बिना हेलमेट पेट्रोल पंपों से ईंधन (पेट्रोल) नहीं मिलेगा। यह आदेश न सिर्फ चालकों, बल्कि पीछे बैठने वाले यात्रियों (पिलियन राइडर) पर भी लागू होगा। यह अभियान 1 सितम्बर से 30 सितम्बर तक चलेगा। अभियान की कमान एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान के पास है। उन्होंने मीडिया को बताया कि एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले के सभी पेट्रोल पंप मालिकों को आदेश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आने वाले किसी भी ग्राहक को पेट्रोल न दिया जाए। नियम को लागू करने के लिए पंपों पर बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं।
सिर्फ पेट्रोल नहीं, चालान भी कटेगा
ट्रैफिक विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों को सिर्फ पेट्रोल से वंचित ही नहीं किया जाएगा, बल्कि उनका चालान भी काटा जाएगा। इसके लिए शहर और देहात के मुख्य चौराहों और पेट्रोल पंपों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।
ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
यातायात विभाग ने अपील की है कि लोग इस अभियान को मजबूरी नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा समझें। दोपहिया चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। नियम का पालन करने से न सिर्फ चालान और असुविधा से बचा जा सकेगा, बल्कि सड़क हादसों में अपनी जान भी सुरक्षित रख पाएंगे।
