लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा। लोग घरों से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में करीब 2 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सीएम ने जताया अफसोस
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
