बदायूं में राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बदायूं/बरेली : सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील्स अब जिंदगी तबाह करने लगी हैं। बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां राजमिस्त्री सुनील (33 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी लक्ष्मी लंबे समय से अश्लील रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रही थी। इन्हीं रील्स के दौरान उसका एक अंजान युवक से प्रेम संबंध हो गया और बदनामी पूरे परिवार तक पहुंच गई।
समझाने के बाद भी नहीं मानी पत्नी
मृतक के भाई दीपक के अनुसार, सुनील हरियाणा के गुड़गांव में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था, और पत्नी व बच्चों का खर्च भेजता था। जब सुनील को पत्नी की गतिविधियों की भनक लगी, तो उसने फोन पर उसे समझाने की कोशिश की। लेकिन पत्नी नहीं मानी और युवक के साथ नजदीकियां बढ़ाती गईं।
घर लौटने से पहले पत्नी फरार
सुनील जब गुड़गांव से बदायूं अपने घर लौटा, तो उसे पत्नी घर पर नहीं मिली। पूछताछ करने पर पता चला कि वह युवक के साथ पहले ही फरार हो चुकी है। इसी सदमे और मानसिक दबाव में आकर सुनील ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल पत्नी लक्ष्मी फरार बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।
