हापुड़/लखनऊ : यूपी के हापुड़ में जमीन विवाद ने एक बुजुर्ग पिता की जान ले ली। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में 82 वर्षीय बुजुर्ग को उसके ही हिस्ट्रीशीटर बेटे अजीत ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले पिता को शराब पिलाई, फिर खेत में बुवाई के विवाद को लेकर बहस शुरू हुई। बात इतनी बढ़ी कि गुस्से में बेटे ने तमंचा निकाला, और पिता पर गोलियां दाग दीं। गंभीर हालत में घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, और फोरेंसिक टीम
एडिशनल एसपी हापुड़ विनीत भटनागर ने मीडिया को बताया कि मृतक के शरीर पर दो गोलियों के निशान मिले हैं। आरोपी अजीत हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। परिवार ने ही कुछ समय पहले उसकी जमानत करवाई थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
जमीन के टुकड़े पर था विवाद
पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र के बीच खेत में बुवाई को लेकर विवाद हुआ। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि यह विवाद पहले भी कई बार हो चुका था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
