ये हमला जनता की सेवा के संकल्प पर, सुनियोजित साजिश का दावा
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह हुए हमले ने पूरे सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया। यह हमला सिविल लाइंस स्थित सीएम दफ्तर में ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हुआ। हमले के बाद मुख्यमंत्री का पहला बयान सामने आया है। इसमें उन्होंने साफ कहा कि ऐसे कायराना हमले उनके हौसले को कभी नहीं तोड़ सकते।
सीएम ने एक्स पर किया पहला ट्वीट
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है। स्वाभाविक है कि इस हमले के बाद मैं सदमे में थी, परन्तु अब बेहतर महसूस कर रही हूं। ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी नहीं तोड़ सकते।”उन्होंने आगे लिखा कि अब वह पहले से ज्यादा ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता के बीच रहेंगी।
जानें कैसे हुई घटना
हमला सुबह करीब 8:15 बजे हुआ। आरोपी राजेशभाई खिमजीभाई सकरिया, राजकोट (गुजरात) का रहने वाला है। आरोपी शिकायतकर्ता बनकर दफ्तर पहुंचा, और सीएम से बात करने के दौरान उन पर झपट पड़ा। सीएम को पकड़कर खींचने और गिराने की कोशिश की गई। जिसके चलते हाथ, कंधे और सिर में चोटें आईं। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया। हमलावर का आपराधिक रिकॉर्ड बताया गया है। बताया जाता है कि आरोपी पर पहले से 5 केस दर्ज हैं। इसमें 2 मामले चाकू से हमला, 3 मामले आबकारी अधिनियम के हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास कोई हथियार नहीं था, लेकिन उसके बैग से कपड़े और कागज बरामद हुए।
‘सुनियोजित साजिश’ का आरोप
सीएम ऑफिस ने इस हमले को “हत्या की सुनियोजित साजिश” बताया है। आरोपी हमले से 24 घंटे पहले सीएम आवास के बाहर घूमता दिखा। CCTV फुटेज में उसकी रेकी और वीडियो रिकॉर्डिंग साफ दिख रही है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से सीएम दफ्तर और आवास की जनसुनवाई से जुड़ी 2 वीडियो बरामद की हैं। आरोपी पर हत्या के प्रयास (BNS धारा 109(1)) सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालने का भी आरोप है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी।
