बरेली : उर्स-ए-रज़वी में लाखों जायरीन की आमद को देखकर शहर में तीन दिन तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। 17 अगस्त रात 8 बजे से 20 अगस्त तक भारी और हल्के वाहनों पर अलग-अलग मार्गों से रोक लगाई जाएगी।
रोडवेज बसें सिर्फ सैटेलाइट स्टैंड से
आला हजरत उर्स डायवर्जन दिनांक 18-08-205
इस दौरान पुराने रोडवेज बस अड्डे से कोई बस नहीं चलेगी। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से आने वाली सभी बसें झुमका तिराहे से बायपास होकर सीधे सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। इसके साथ ही बदायूं से आने वाली बस दातागंज, और फतेहगंज होकर सैटेलाइट पहुंचेंगी।
शहर में भारी वाहनों पर रोक
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने मीडिया को बताया कि झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, विलवा अंडरपास, इनवर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर गेट, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे से होकर कोई भी ट्रक या बड़ा वाहन शहर की तरफ नहीं आ सकेगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से आने वाले ट्रक बरेली में सिर्फ औद्योगिक क्षेत्र और बाईपास से ही निकल पाएंगे।
छोटे वाहनों की भी शहर में पाबंदी
19 और 20 अगस्त को जायरीन की भारी भीड़ देखकर सुबह 8 बजे से कार, ऑटो और ई-रिक्शा को कुतुबखाना, नावल्टी चौराहा, पटेल चौक, चौपला, कोहाड़ापीर, किला क्रॉसिंग और गांधी उद्यान क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जायरीन लिए यह है पार्किंग व्यवस्था
शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं रोड से आने वाली बसें गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और रेलवे यार्ड (सुभाषनगर) में पार्क होंगी। इसी तरह नैनीताल रोड से आने वाली बसें रेलवे स्टेशन के पीछे बने खाली मैदान में खड़ी होंगी। दिल्ली और रामपुर से आने वाली बसें परसाखेड़ा (बीएल एग्रो और आसपास के मैदान) में पार्क होंगी। पत्रकारों और मेहमानों के वाहन जीआईसी परिसर में पार्क होंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने जायरीन से की गुजारिश
ट्रैफिक पुलिस ने जायरीन (लोगों) से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, और प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जायरीनों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए लगातार निगरानी और तैनाती रहेगी।
