बरेली : देशभर में स्वतंत्रता दिवस का जश्न जोरों पर है, और बरेली की ऐतिहासिक दरगाह आला हज़रत से जुड़े मदरसा मंज़र-ए-इस्लाम में भी आज़ादी के रंग बिखर गए। बुधवार को मदरसे में मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी की देखरेख में “हिन्दुस्तानी मुसलमानों की स्वतंत्रता संग्राम में कुर्बानियां, भूमिका और देश प्रेम” विषय पर प्रतियोगिता आयोजित हुई। छात्रों ने लेख, निबंध, भाषण और तकरीर के ज़रिए आज़ादी के दीवानों को याद किया।
15 अगस्त को छात्रों को मिलेंगे पुरस्कार
प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्रों को 15 अगस्त के दिन इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद छात्रों ने हर घर तिरंगा रैली में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय ध्वज बांटे और देशभक्ति के नारे लगाए। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने सभी से यौमे-आज़ादी की खुशियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और मिठाई बांटकर जश्न मनाने की अपील की। इस मौके पर मुफ्ती अख़्तर, मुफ़्ती मोइनुद्दीन बरकाती, मुफ़्ती सय्यद शाकिर अली, मौलाना डॉ. एजाज़ अंजुम, मुफ़्ती मुजीब, मुफ़्ती कलीम उर रहमान, मास्टर कमाल, सय्यद अनवारूल सादात समेत कई लोग मौजूद रहे।
जंग-ए-आजादी के नायकों को किया याद

छात्रों ने निबंध, लेख और भाषण के ज़रिए आज़ादी के नायकों को याद किया। हर घर तिरंगा रैली में सक्रिय भागीदारी, और 15 अगस्त को विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
नगर निगम ने जसोली में हर घर तिरंगा के तहत बांटे राष्ट्रीय ध्वज
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान में बरेली नगर निगम ने जसोली क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। नासिर कुरैशी ने बताया कि स्थानीय लोगों को तिरंगा देकर घर-घर पर लहराने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और हर नागरिक को तिरंगे से जोड़ने का एक प्रयास है।
