एटा/लखनऊ : यूपी के एटा जिले में रक्षाबंधन के दिन दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। एक हादसे में ओला टैक्सी चालक अजय (26 वर्ष) और उसके साथ सफर कर रहे सहवीर सिंह (40 वर्ष) की जान चली गई, जबकि दूसरा हादसा बाइक सवार गौरव (32 वर्ष) के साथ हुआ। तीनों की मौत से घरों में मातम छा गया, और बहनों के सपने टूट गए।
घर लौटते वक्त टैक्सी की टक्कर
कासगंज निवासी अजय, सहवीर और अन्य लोग दिल्ली से टैक्सी लेकर रक्षाबंधन मनाने घर लौट रहे थे। अवागढ़ थाना क्षेत्र में चुरथरा चौराहे पर चालक को नींद आ जाने से टैक्सी अज्ञात वाहन से टकरा गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहवीर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल आराम सिंह का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
ससुराल से लौटते समय मौत
दूसरी घटना में मिरहची थाना क्षेत्र के गौरव अपनी पत्नी-बच्चों को ससुराल छोड़कर बाइक से लौट रहे थे। अलीगंज मार्ग पर पवांस गांव के पास कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई।
बहनों का दर्द-अब किसे राखी बांधें?
अजय और गौरव दोनों ही परिवार के इकलौते बेटे थे। अजय की तीन बहनें और गौरव की चार बहनें रक्षाबंधन के दिन भाइयों की मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो रही थीं। घर में चीत्कार मचा हुआ है, और रिश्तेदार भी गम में डूबे हैं।
