रायबरेली/लखनऊ : यूपी की राजनीति उस समय गर्मा गई, जब पूर्व मंत्री और अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान पीछे से आकर एक युवक ने थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना रायबरेली में उस वक्त हुई जब मौर्य का स्वागत किया जा रहा था। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि मौर्य पर पीछे से हमला किया गया और युवक भागने की कोशिश करता है, लेकिन समर्थकों द्वारा पकड़ लिया गया। घटना के बाद मौर्य समर्थकों ने हमलावर की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है।
जानें क्या बोले स्वामी प्रसाद मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर योगी आदित्यनाथ सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि “करनी सेना के नाम पर कुछ कीड़े-मकोड़े कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। योगी सरकार अंधी, बहरी और गूंगी बनकर तमाशा देख रही है।””ठाकुर होने के नाते गुंडों को कानून तोड़ने की खुली छूट मिल गई है। यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।”
फतेहपुर रवाना होने से पहले हमला
यह हमला तब हुआ जब स्वामी प्रसाद मौर्य फतेहपुर के लिए रवाना हो रहे थे और रायबरेली में समर्थकों ने उनका स्वागत किया। जैसे ही वह गाड़ी से उतरे और माला पहनाने का कार्यक्रम शुरू हुआ, एक युवक समर्थक के भेष में आया और हमला कर दिया।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
रायबरेली पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है, और उसका पूछताछ चल रही है। अब तक युवक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। मौर्य लंबे समय से बीजेपी और योगी सरकार के मुखर आलोचक रहे हैं और पिछड़े वर्गों व दलितों के लिए आरक्षण, धार्मिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों पर अक्सर सरकार को घेरते रहे हैं।
