बरेली। जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बरेली पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए आतंकवाद, गोवंश तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर मामलों में लिप्त 31 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। इस सूची में अल-कायदा के लिए युवाओं की भर्ती करने वाला आतंकी मोहम्मद इनामुल हक भी शामिल है।
आतंकी इनामुल हक पर कड़ी नजर
शहर के किला क्षेत्र स्थित रियाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद इनामुल हक को 18 जून 2020 को लखनऊ एटीएस ने गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वह मो. शोएब उर्फ अयूब मोहम्मद अल सोशल मीडिया के ज़रिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित कर अल-कायदा के लिए भर्ती कर रहा था। नवंबर 2024 में अदालत ने उसे 10 वर्ष की कठोर सजा और 10 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया था।
साजिश में शामिल था आतंकी नेटवर्क
इनामुल के साथ-साथ इस नेटवर्क में जम्मू-कश्मीर निवासी शकील अहमद डार उर्फ इकबाल कुरैशी और अन्य सदस्य केरल से आयशा, आदिल केएस और मोहम्मद वकास खान भी शामिल थे। इन्होंने लाइफ इन फॉर जिहाद नामक ग्रुप बनाकर आतंकी हमले की साजिश रची थी।
इन क्षेत्रों के अपराधी हिस्ट्रीशीटर घोषित
हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधियों में मीरगंज, सिरौली, बहेड़ी, शीशगढ़, देवरनिया, फतेहगंज पश्चिमी, भोजीपुरा, प्रेमनगर, विशारतगंज और अलीगंज क्षेत्र के कुख्यात तस्कर व अपराधी शामिल हैं। प्रमुख नामों में पप्पू कुरेशी, आबिद अली, साजिद, खलील, अफजाल उर्फ छोटे, इरफान, चांद उर्फ चन्ना, सलीम उर्फ कालिया, और अंजुम खां आदि शामिल हैं।
यह बोले एसएसपी
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा बरेली पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। 31 कुख्यात अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है और उनकी गतिविधियों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है।
