बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने शनिवार को प्लॉटिंग माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर फतेहगंज पश्चिमी और कैंट थाना क्षेत्र में बनी तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलवा दिया। प्राधिकरण की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और अवैध रूप से हो रही प्लॉटिंग को जमींदोज कर दिया।
किन-किन जगहों पर हुई कार्रवाई
ठिरिया खेतल (फतेहगंज पश्चिमी) में मुस्तकीम नामक व्यक्ति ने 10 बीघा ज़मीन पर अवैध कॉलोनी काट दी थी। सड़कें, नालियां और प्लॉटों की मार्किंग हो चुकी थी। BDA से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इसके साथ ही राधा कृष्ण मंदिर के सामने (फतेहगंज) में तुषार अग्रवाल ने 3 बीघा ज़मीन पर अवैध रूप से सड़क और गेट बनवा लिए थे। इसके अलावा कांधरपुर (कैंट क्षेत्र) में हरिओम, राजेश मौर्य और राजकुमार ने मिलकर करीब 50 बीघा ज़मीन पर कॉलोनी विकसित करनी शुरू कर दी थी। प्लॉट बिकने ही वाले थे। इसको भी ध्वस्त किया।
BDA ने दिया सख्त संदेश
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने स्पष्ट कहा है कि बिना नक्शा पास कराए किसी भी कॉलोनी या प्लॉटिंग को वैध नहीं माना जाएगा। “ऐसी अवैध कॉलोनियों को किसी भी वक्त ध्वस्त किया जा सकता है।”कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अजीत कुमार, सीताराम, सुरेन्द्र द्विवेदी, सत्य प्रकाश कुशवाहा, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह चौहान आदि मौजूद थे। BDA की अपील कि आमजन से अपील है कि कोई भी भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि करें। नक्शा स्वीकृति के बिना किया गया। निर्माण न केवल अवैध है, बल्कि आर्थिक नुकसान का कारण भी बन सकता है।
