बरेली : यूपी के बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन(Anti-Corruption Team) ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बिजली विभाग के एक बाबू को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में की गई। यहां तैनात लिपिक अजीत कुमार को 20 हजार रुपये की घूस लेते हुए दबोचा गया। टीम ने तुरंत उसके बैग की तलाशी ली। इसमें 1,76,000 नकद बरामद किए गए। आरोपी के पास यह राशि कहां से आई। इसका कोई वैध स्रोत नहीं बता सका।
जानें कैसे हुई कार्रवाई
शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे, एंटी करप्शन यूनिट इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता प्रथम मनोज कुमार के कार्यालय में पहुंची। यहीं अजीत कुमार रिश्वत ले रहा था। टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार किया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद टीम ने अजीत के आवास और कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया और बैग से बरामद 1.76 लाख को जब्त कर लिया। रिश्वत मांगने की शिकायत मीरगंज थाना क्षेत्र के गुला गांव निवासी सुभाष कुमार सिंह ने की थी।
रिश्वत के खेल में बड़े खुलासे की उम्मीद
पूछताछ में अजीत कुमार इन पैसों का कोई दस्तावेज़ या रसीद नहीं दिखा सका। इससे संदेह और गहराया कि यह रकम भी घूस की ही हो सकती है। एंटी करप्शन टीम इसे सिस्टमेटिक करप्शन की कड़ी मान रही है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच तेज कर दी गई है और अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। इस कार्रवाई से बरेली विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है। कर्मचारी वर्ग में सन्नाटा और डर का माहौल है।
