भुवनेश्वर/लखनऊ (एजेंसी) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार गैर-बराबरी बढ़ रही है, और भाजपा सरकार आम जनमानस के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए एजेंसियों और नए-नए हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। यह बयान उन्होंने ओडिशा के दो दिवसीय दौरे के दौरान भुवनेश्वर में मीडिया से बातचीत में दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है, और अब उनके पास काम करने की स्वतंत्रता नहीं रह गई है।
“बाबा साहब अंबेडकर का सपना था, सामाजिक न्याय और बराबरी का अधिकार”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि,“बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का सपना था कि देश में हर व्यक्ति को समान अधिकार मिले, सम्मान मिले, और सामाजिक न्याय की स्थापना हो। समाजवादी पार्टी उसी दिशा में काम कर रही है।” उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी मुलाकात पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी नेता श्रीकांत जेना से हुई, और दोनों नेताओं के बीच सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने साफ किया कि,
“जो सामाजिक न्याय की बात करे, वो समाजवादी है।”

“ओडिशा में भाजपा कर रही भेदभाव, हम श्रीकांत जेना के साथ”
उन्होंने कहा कि ओडिशा में भाजपा सरकार लोगों के साथ भेदभाव कर रही है, और शोषण की राजनीति चल रही है। “हम श्रीकांत जेना जी के साथ मिलकर ओडिशा में समाजवादी विचारधारा को मजबूत करेंगे और जनता को जोड़ेंगे।”
“ईडी को खत्म किया जाना चाहिए”
उन्होंने ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि,“देश में पहले से इनकम टैक्स जैसी संस्थाएं मौजूद हैं। फिर ईडी की क्या जरूरत है? यह संस्था अब सिर्फ राजनीतिक हथियार बन चुकी है। कांग्रेस ने ईडी बनाई थी, आज वही कांग्रेस इससे परेशान है।” उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में जो नेता भाजपा के खिलाफ खड़े थे। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स की कार्रवाई का शिकार हुए।
“उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर, IAS तक फरार”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी के बाद यूपी में बड़े पैमाने पर नकदी बरामद हुई, और कुछ IAS अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त होकर फरार हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि,
“सुनने में आया है कि एक अधिकारी मुख्यमंत्री के घर में ही छिपा हुआ है।” उन्होंने कहा कि इन्वेस्टमेंट से जुड़े इंसेंटिव्स में भी कमीशनखोरी चल रही है, जो यूपी में भ्रष्टाचार की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।
“संविधान में दिए गए आरक्षण को लागू किया जाए”
उन्होंने शिक्षा और नौकरी में आरक्षण को पूरी तरह लागू करने की मांग की और दोहराया कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य सेकुलर दलों ने वक्फ संशोधन बिल का पुरजोर विरोध किया है, और आगे भी करते रहेंगे।
कुंभ पर भाजपा को घेरा
प्रयागराज (इलाहाबाद) कुंभ को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। “भाजपा के नेता पिछले कुंभ में नजर नहीं आए थे। उस समय नेताजी ने स्नान किया था। हमारी तस्वीरें भी हैं, लेकिन इस बार जो भगदड़ हुई। उसमें मरे श्रद्धालुओं की कोई सूची सरकार ने जारी नहीं की। इसका मकसद है मुआवजा न देना।”
मंच पर रहे कई वरिष्ठ नेता
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। अखिलेश यादव के इस बयान से यह साफ है कि समाजवादी पार्टी देश भर में अपने संगठन का विस्तार कर भाजपा के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने की दिशा में सक्रिय हो रही है।
