बरेली के शाही क्षेत्र की दिल दहला देने वाली वारदात, पीड़ित ICU में भर्ती
बरेली : यूपी के बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गांव अक्सौरा दुनका निवासी राजीव नामक युवक पर उसकी ही पत्नी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हमला करवा दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पत्नी ने अपने पांच भाइयों और 6-7 साथियों को राजीव को खत्म करने की सुपारी दे दी। 21 जुलाई की रात को जब राजीव अपने घर में सो रहा था, तभी हमलावर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर घर में घुस आए और बुरी तरह पीटकर हाथ-पैर तोड़ दिए। इसके बाद उसे वैन में भरकर सीबीगंज के जंगलों में ले जाया गया। यहां गड्ढा खोदकर जिंदा दफनाने की कोशिश की गई।
राहगीरों को देख भागे आरोपी
गनीमत रही कि उसी समय एक राहगीर उधर से गुज़रा और हमलावरों को देख भाग निकले। घायल राजीव को उसी राहगीर ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां वह अब भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
पुलिस ऐक्शन में शुरू की जांच
पीड़ित के पिता नेतराम ने थाने में बहू और चार भाइयों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।परिवार का कहना है कि बहू गांव में नहीं रहना चाहती थी और अकसर झगड़ा करती थी। अब वह हत्या की साजिश तक पहुंच गई। राजीव 2009 से विवाहित है, दो बच्चों का पिता है और बरेली बायपास स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करता है। वह फिलहाल नगरिया परीक्षित इलाके में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
