सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले, भाजपा की नीयत लोकतंत्र खत्म करने की
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा और उसकी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी रखेगी।
“बाबा साहब भगवान हैं, उनका संविधान हमारी ढाल है”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को नमन करते हुए कहा कि “बाबा साहब ने देश को जो संविधान दिया है, वही हमारी असली ताकत है। वह भगवान हैं, और उनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती। आज जब संविधान पर खतरा मंडरा रहा है, तब हम समाजवादी उस ढाल को बचाने के लिए खड़े हैं।”
“भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती थी”
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में भाजपा को 400 सीटें मिल जातीं, तो देश में संविधान का नामोनिशान मिट चुका होता और सड़कों पर तलवारें चल रही होतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय को कमजोर करने का हर संभव प्रयास किया है।
आरक्षण को लेकर बड़ा हमला
उन्होंने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “पुलिस भर्ती में 1700 से अधिक दलित, पिछड़े और आदिवासी युवा वंचित रह गए। 69 हजार शिक्षक भर्ती में भी आरक्षण का हनन हुआ। सरकार ने एक साथ पूरी सूची जारी नहीं की, ताकि आरक्षण को कमजोर किया जा सके।” उन्होंने यह भी मांग की कि बड़ी-बड़ी निजी कंपनियों में भी आरक्षण लागू किया जाए ताकि सामाजिक न्याय की परिपूर्णता सुनिश्चित हो।
करणी सेना पर प्रतिक्रिया और एनएसजी सुरक्षा का मुद्दा
करणी सेना की धमकियों को लेकर सपा प्रमुख ने दो टूक जवाब दिया। बोले, “ये सब भाजपा के ट्रूपर्स हैं। जिस दिन मेरी एनएसजी सुरक्षा छीनी गई, उसी दिन भाजपा की नीयत का पता चल गया था। जो खुद एनएसजी सुरक्षा रखते हैं, वो डरपोक हैं। हम डरने वाले नहीं, लड़ने वाले हैं।”
राजाओं पर बयान और इतिहास की पुनर्व्याख्या
उन्होंने कहा कि वे राजाओं के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ऐसे इतिहास को इतिहास ही रहने देना चाहिए ल, जो आज की सामाजिक एकता और भाईचारे में बाधा बनता हो।
भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर निशाना
यूपी की बदहाल कानून व्यवस्था पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “आजमगढ़, बस्ती और प्रयागराज जैसी जगहों पर हत्या और जिंदा जलाने की घटनाएं हो रही हैं। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार अब जीरो पर ही आ गई है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हैं। अस्पतालों में आग लग रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा।”
भाजपा सरकार का पतन निकट: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार अब अपने अंतिम दौर में है। उन्होंने कहा कि “भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत से घबरा चुकी है। कमीशनखोरी हर विभाग में फैली है। आईएएस अधिकारी भाग रहे हैं। भूमाफिया ज़मीन कब्जा कर रहे हैं। गेहूं की सरकारी खरीद ठप है और दो-तीन कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।”
“समाजवादी सरकार की उपलब्धियों का अनुकरण कर रहे दूसरे राज्य”
उन्होंने गर्व के साथ कहा कि “समाजवादी सरकार के समय बनाए गए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे और मेट्रो प्रोजेक्ट्स आज भी प्रदेश की पहचान हैं। अन्य राज्य हमारे काम का अनुकरण कर रहे हैं।”
