मुरादाबाद/बरेली : हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे बरेली के तीन दोस्तों की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब एक तेज़ रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में पराग फैक्ट्री के पास हुआ। यहां दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, और तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान बरेली के गांव करूआ ताल निवासी आकाश (19 वर्ष) पुत्र स्व. रामवीर सिंह और माधव राम (20 वर्ष) पुत्र जगपाल सिंह के रूप में हुई है। जबकि तीसरा साथी अमर सिंह (20 वर्ष) पुत्र बेचेलाल गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी से जूझ रहा है।
मौके पर ही दोनों दोस्तों की मौत
हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर ही दो युवकों की जान चली गई। हादसे में मारे गए आकाश का उसी दिन जन्मदिन था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था, और घरवालों ने उसे घर रुकने की बहुत कोशिश की थी, लेकिन वह हरिद्वार जाकर डाक कांवड़ लाने पर अड़ा रहा। आकाश के चाचा उदयवीर ने बताया कि पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, और अब मां सीमा देवी के पास आकाश ही था। इस हादसे ने उनका सब कुछ छीन लिया।
सीसीटीवी कैमरे से वाहन की तलाश
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल अमर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अज्ञात पिकअप वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
