बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में बीती रात “चोर-चोर” के शोर के बाद एक मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति को चोर समझकर बुरी तरह पीटा गया। यह घटना मोहल्ला सराय की है। यहां देर रात करीब 3 बजे एक अज्ञात व्यक्ति के देखे जाने पर कुछ लोगों ने शोर मचाया, और उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इसके अलावा माधोपुर गांव में भी दो संदिग्ध पकड़ने की बात सामने आई है।
सही समय पर पहुंची पुलिस ने बचाई जान
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/0UNOaMA2KFc?si=Ngd8jHm1qSw1xhal
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अनूप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, और मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित पुलिस चौकी ले गए। पुलिस ने बताया कि यदि वे कुछ देर और लेट होते, तो घटना भयावह रूप ले सकती थी।
गांव सोरहा में भी पिटाई, पुलिस की सख्त चेतावनी
इसी रात गांव सोरहा में भी ऐसी ही घटना हुई। यहां भी एक और मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति को चोर समझकर कुछ ग्रामीणों ने पीट दिया। फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी सुरेन्द्र पाल सिंह ने स्पष्ट किया”पब्लिक अफवाहों के चलते मानसिक विक्षिप्तों को चोर समझकर पीट रही है। यह कानूनन अपराध है। कोई निर्दोष मारा जा सकता है। अगर, किसी पर शक हो तो उसे पकड़ने की बजाय पुलिस को तुरंत सूचना दें। बेगुनाह की पिटाई पर FIR दर्ज की जाएगी।”
पुलिस की अपील, अफवाहों से बचें, कानून अपने हाथ में न लें
पिछले कुछ दिनों में ड्रोन दिखने, संदिग्धों के घूमने और लूट जैसी घटनाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में अफवाहों का माहौल बन गया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी को चोर न मानें, सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो न फैलाएं, और संदेह होने पर डायल 112 या नजदीकी पुलिस चौकी को सूचना दें।
