बरेली : यूपी के बरेली नगर निगम की लापरवाही इन दिनों वार्ड संख्या 1, सिविल लाइन क्षेत्र के निवासियों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। यह आरोप लगाया है जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने लगाया है। उन्होंने कहा कि सिटी सब्जी मंडी रोड को 12 मई को खोदा गया था, लेकिन अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ढाई महीने बीत जाने के बाद भी सड़क पर न तो निर्माण शुरू हुआ है, न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था। सड़क पर गड्ढे और कीचड़ के कारण न सिर्फ राहगीरों बल्कि स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में दिक्कत हो रही है। मोहल्ले के निवासी नेत्रपाल का कहना है, “सड़क खोद कर छोड़ दी गई, लगता है बनाना भूल गए।” वहीं सूरज ने बताया कि गंदगी के कारण घरों में भी साफ-सफाई नहीं रह पाती।
उर्स, और महारानी शोभायात्रा से पहले दुरुस्त की जाए सड़क

इस सड़क से ही सालाना गंगा महारानी शोभायात्रा और उर्से आला हज़रत के अवसर पर भारी संख्या में ज़ायरीन गुजरते हैं। जनसेवा टीम अध्यक्ष पम्मी खाँ वारसी ने नगर निगम से मांग की है कि गंगा महारानी शोभायात्रा से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।उन्होंने कहा कि नगर निगम को अपनी कार्यप्रणाली में तेजी लानी चाहिए, क्योंकि उर्स-ए-रज़वी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन भी नजदीक हैं।
