गाजीपुर/लखनऊ : यूपी के गाजीपुर जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलिया गांव में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में शिवराम यादव (70 वर्ष), उनकी पत्नी जमुनी देवी (65 वर्ष) और बेटी कुसुम (35 वर्ष) शामिल हैं। हत्या का आरोप घर के ही बेटे अभय पर है, जो वारदात के बाद फरार हो गया।
हत्या की वजह जमीन विवाद
सूत्रों के मुताबिक, शिवराम यादव ने एक महीने पहले अपनी बेटी कुसुम के नाम 15 बिस्वा जमीन लिख दी थी। यही बात अभय को नागवार गुज़री। पहले भी इस जमीन को लेकर घर में अक्सर कहासुनी होती थी। रविवार को विवाद इतना बढ़ा कि अभय ने कुल्हाड़ी से अपनी मां, पिता और बहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सीओ सिटी शेखर सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानें परिवार के बारे में
बताया जा रहा है कि कुसुम की पहली शादी 15 साल पहले हुई थी लेकिन पति ने छोड़ दिया। इसके बाद दूसरी शादी भी ज्यादा नहीं चली और वह मायके लौट आई थी। कुसुम को घर में जमीन देना उसके भाई अभय को स्वीकार नहीं था, इसी के चलते यह खौफनाक हत्याकांड सामने आया।
